रायगढ़ में युवक का खतरनाक बाइक स्टंट: VIDEO वायरल, पुलिस ने लगाई फटकार और कटाया चालान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रिटायर्ड आरक्षक के बेटे का खतरनाक बाइक स्टंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवक ने बिना हेलमेट के सार्वजनिक सड़क पर बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए रील बनाई और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपए का चालान काटा और युवक से माफी मंगवाई।
मामला तमनार थाना क्षेत्र के हुंकराडीपा रोड का है। स्टंट करने वाले युवक की पहचान 20 वर्षीय शाश्वत सिदार के रूप में हुई है, जो ग्राम कुंजेमुरा का निवासी है। उसके पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं। वायरल वीडियो में शाश्वत बिना हेलमेट के स्पोर्ट्स बाइक पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया। पूछताछ में शाश्वत ने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
थाना प्रभारी ने युवक को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा भी हो सकती है। उसे भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की चेतावनी दी गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने भी स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए बराबर है। चाहे कोई पुलिस परिवार से जुड़ा हो या आम नागरिक, नियम तोड़ने पर कार्रवाई तय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करने से बचें, क्योंकि इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।





