संगीता सिन्हा बनीं महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को महिला कांग्रेस का प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति तक वे इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।
इस पद के लिए लंबे समय से दावेदारी और खींचतान चल रही थी। खासतौर पर संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नाम के बीच पेंच फंसा हुआ था। संगठन के भीतर दोनों नेताओं के समर्थन में अलग-अलग खेमे सक्रिय थे। हालांकि, फिलहाल प्रभारी अध्यक्ष के तौर पर संगीता सिन्हा के नाम पर सहमति बनी है।
बताया जा रहा है कि जनवरी में दिल्ली में इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी हुई थी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में पांच वरिष्ठ महिला नेताओं—अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा—ने अपनी दावेदारी पेश की थी। अंतिम दौर में मुकाबला मुख्य रूप से दो नामों तक सिमट गया था।
संगीता सिन्हा की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी मजबूत मानी जाती है। वे संजारी बालोद विधानसभा से विधायक हैं और पूर्व में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की सदस्य रह चुकी हैं। उन्हें उत्कृष्ट विधायक का सम्मान भी मिल चुका है। संगठन में उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति आगामी संगठनात्मक बदलावों की दिशा तय कर सकती है। अब स्थायी प्रदेश अध्यक्ष के चयन पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।





