नवजात का CM साय ने किया नामकरण, “रविशंकर” नाम से गूंजा कमारखोल का आंगन

रायपुर। सुशासन तिहार के दौरान कबीरधाम जिले के बैगा बाहुल्य ग्राम कमारखोल में एक भावनात्मक और यादगार पल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक माह के नवजात शिशु का नामकरण किया। आम के पेड़ की छांव में खाट पर सजी चौपाल में यह आत्मीय क्षण पूरे गांव के लिए उत्सव बन गया।
चौपाल के दौरान ग्राम निवासी ऋषि बघेल अपने नवजात पुत्र को गोद में लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचीं और उनसे बच्चे का नाम रखने का आग्रह किया। इस सादगी भरे अनुरोध में ग्रामीण जीवन का विश्वास और अपनापन साफ झलक रहा था।
मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए बच्चे के जन्म दिन के बारे में पूछा। जब उन्हें बताया गया कि बालक का जन्म रविवार को हुआ है, तो उन्होंने स्नेहपूर्वक उसका नाम “रविशंकर” रखा। जैसे ही यह नाम घोषित हुआ, पूरा चौपाल तालियों की गूंज से भर उठा और माहौल खुशी से सराबोर हो गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चे को दुलारते हुए आशीर्वाद भी दिया, जिससे परिवार के साथ-साथ उपस्थित ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। यह दृश्य शासन और जनता के बीच गहरे विश्वास और आत्मीय संबंध का प्रतीक बन गया।
यह घटना दर्शाती है कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का मंच नहीं, बल्कि लोगों के जीवन से जुड़ने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री का यह सरल और संवेदनशील व्यवहार बताता है कि सुशासन का असली अर्थ लोगों की भावनाओं को समझना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना है।





