ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सली हमला: IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद, डिफ्यूज करते वक्त हुआ धमाका

रायपुर। प्रदेश के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को हुए IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद हो गए। शहीदों में DRG के एक इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। जवान सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED को डिफ्यूज करते समय जोरदार विस्फोट हो गया।

घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कोरोसकोडा जंगल की है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ब्लास्ट में कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल जवान परमानंद कोर्राम को इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के छिपाए गए हथियार और IED बरामद करने के अभियान में जुटे हैं। सरेंडर नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को एक नक्सली डंप मिला और IED निष्क्रिय करने के दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के जंगलों में नक्सलियों की तलाश कर रही हैं।

इस हमले को लेकर भूपेश बघेल ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ राजनीतिक नारों से नक्सलवाद खत्म नहीं होगा। नक्सलियों द्वारा छोड़े गए आतंक और विस्फोटकों से मुक्ति के लिए ठोस अभियान चलाना जरूरी है। घटना के बाद पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Back to top button