ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धमतरी में TI ने व्यापारी को मारा थप्पड़, VIDEO वायरल: गाड़ी नहीं रोकने पर बीच बाजार में दी धमकी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बोराई थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को सरेआम थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि थाना प्रभारी (TI) नरेंद्र सिंह ने बाजार के बीच व्यापारी के साथ गाली-गलौज की और थाने ले जाकर मारने की धमकी भी दी।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यापारी शब्बीर मेमन हर सप्ताह की तरह शुक्रवार को बोराई के साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने और बेचने पहुंचा था। इसी दौरान बोराई नाके पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। व्यापारी का कहना है कि बाजार में देरी होने के कारण वह नाके पर गाड़ी नहीं रोक पाया।

आरोप है कि इसके बाद TI नरेंद्र सिंह ने बाजार में उसे रोक लिया और बहस के दौरान थप्पड़ मार दिया। वायरल वीडियो में TI व्यापारी पर गुस्सा करते और धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि “थाने ले जाकर मारूंगा।” हालांकि बाद में वे आसपास मौजूद लोगों से यह कहते भी दिखे कि उन्होंने व्यापारी को थप्पड़ नहीं मारा।

व्यापारी ने यह भी आरोप लगाया कि नाके पर एंट्री फीस के नाम पर गाड़ियां रोकी जाती हैं। घटना के दौरान बाजार में मौजूद कई लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन TI लगातार गाली-गलौज करते रहे।

मामले पर एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने कहा कि ओडिशा की ओर से आ रही पिकअप को रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन वाहन नहीं रुका। इसके बाद विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि व्यापारी की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Related Articles

Back to top button