जमीन विवाद में खौफनाक वारदात: छोटे भाई ने बड़े भाई को जिंदा जलाया, मां के सामने हुई हत्या

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को जिंदा जलाकर मार डाला। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ मंगलवार को अपने पैतृक गांव आमगांव पहुंचे थे। गांव में उनकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
मंगलवार शाम कृष्णकांत ने जमीन बंटवारे की बात उठाई, जिस पर छोटे भाई दौलत ने फिलहाल चर्चा से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कृष्णकांत ने डंडे से दौलत पर हमला किया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से वार कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने अपने बड़े भाई को धान और महुआ से भरे कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। फिर दुकान से पेट्रोल लाकर कमरे में आग लगा दी। घटना के समय मां और महिला मौके पर मौजूद थीं, लेकिन आग की लपटों के बीच कृष्णकांत को बचाया नहीं जा सका। आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया गया, लेकिन कोई आगे नहीं आया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 70 प्रतिशत जले शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।





