StateNewsदेश - विदेश

कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर के ठिकानों पर ED की रेड: ‘सोना पप्पू’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई

दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास और एक अन्य कारोबारी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले की जांच के तहत की गई है, जो एक स्थानीय अपराधी और उसके सिंडिकेट से जुड़ा बताया जा रहा है।

ED अधिकारियों ने बिस्वास के दो ठिकानों पर छापा मारा, जिनमें बालीगंज स्थित उनका आवास भी शामिल है। इसके अलावा ‘सन एंटरप्राइज’ नामक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के एक ठिकाने पर भी तलाशी ली गई। यह पूरी कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, यह मामला कुख्यात अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से जुड़ा हुआ है। सोना पप्पू पर हत्या की कोशिश, रंगदारी और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से कई केस दर्ज हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि उसके आपराधिक नेटवर्क के जरिए अवैध कमाई को वैध बनाने की कोशिश की गई, जिसमें कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है।

बताया जा रहा है कि ED की टीम दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद कोलकाता में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। फिलहाल ED ने आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button