शराब दुकान के बाहर बवाल: लात-घूंसे और डंडों से मारपीट, VIDEO वायरल; 3 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब दुकान के बाहर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भीड़ में हाथ टकराने की बात पर शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके का है। घटना 11 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर काफी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच हाथ टकराने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक ने मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी के डंडे से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भी उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
घटना के समय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तत्काल कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और 14 अप्रैल को तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सिंह (25), मयूर टांक (25) और सोमेश दीवान (27) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अभद्र व्यवहार भी किया, जिसके बाद उनके खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है।





