रेप आरोपी अशोक खरात पर ED का शिकंजा: 11 ठिकानों पर छापा, 52 संपत्तियां रडार पर

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के नासिक में चर्चित रेप आरोपी ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नासिक, पुणे और शिर्डी समेत 11 ठिकानों पर छापेमारी की है।
जांच में सामने आया है कि खरात ने धार्मिक आस्था, तांत्रिक क्रियाओं और अश्लील वीडियो के जरिए करोड़ों का साम्राज्य खड़ा किया। ED के मुताबिक, उसकी कम से कम 52 संपत्तियां जांच के दायरे में हैं और अब तक 62.74 करोड़ रुपए के लेनदेन का पता चला है।
जांच एजेंसी के अनुसार, खरात ने तीसरे पक्ष के नाम पर 132 बैंक खाते खुलवाए, जिनमें खुद को नॉमिनी बनाकर पूरे नेटवर्क को कंट्रोल करता था। इन खातों के जरिए बड़े पैमाने पर हवाला और संदिग्ध लेनदेन किए गए। नासिक पुलिस की FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
खरात ने मिरगांव में मंदिर बनाकर उसे कमाई का बड़ा जरिया बनाया। उससे मिलने के लिए 10 हजार से लेकर 1 लाख रुपए तक वसूले जाते थे। वह साधारण वस्तुओं को ‘चमत्कारी’ बताकर महंगे दामों पर बेचता था। साथ ही नकली सांप-बाघ दिखाकर डर और आस्था का माहौल तैयार किया जाता था, जिससे श्रद्धालु प्रभावित हों।
जांच में यह भी सामने आया कि खरात महिलाओं को ‘शुद्धिकरण’ और तांत्रिक उपायों के नाम पर फंसाता था। गुप्त कैमरों से वीडियो बनाकर बाद में ब्लैकमेल किया जाता था। एजेंसियों को 50 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप्स मिली हैं, जिन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर कमाई की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि पिछले 10-12 साल में उसने करीब 1500 करोड़ रुपए का बेनामी साम्राज्य खड़ा किया। उसका नेटवर्क नासिक, पुणे, मुंबई और शिर्डी तक फैला हुआ था। इस मामले में कई प्रभावशाली लोगों के नाम भी सामने आए हैं। फिलहाल ED और SIT मिलकर पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।



