भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग: पाइप से उतरकर बची जान, 7 कर्मचारी घायल

दुर्ग। भिलाई स्थित भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 7 कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें एक संविदा कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं करीब 10 कर्मचारियों ने 20-25 फीट ऊंचाई से खिड़की और पाइप के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:05 बजे पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 के STG-4 टर्बाइन में अचानक आग लगने से हुई। देखते ही देखते टर्बाइन हॉल में घना धुआं फैल गया और पूरा प्लांट धुएं के गुबार से भर गया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कई कर्मचारी जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ पाइप के सहारे नीचे उतरे। इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की अग्निशमन टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 11:10 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इसके बाद इलाके में कूलिंग का कार्य भी किया गया, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ सकी।
हादसे के दौरान स्विचगियर कक्ष और कंट्रोल रूम में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एहतियातन 2 नियमित कर्मचारियों और 5 संविदा श्रमिकों को सेक्टर-9 अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने से ब्लास्ट की जताई जा रही है। प्लांट प्रबंधन और प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।



