सीएम विष्णु देव साय से ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच की मुलाकात, विकास योजनाओं पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच ने सोमवार को सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राज्य के विकास, खासकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य में स्वास्थ्य, पेयजल और पोषण सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इन क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग से इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिल सके।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बर्नार्ड लिंच को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला का प्रतीक बेल मेटल से निर्मित धातु प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी।
बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, सचिव राहुल भगत, विशेष सचिव रजत बंसल और सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च ऑफिसर अनघा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। यह मुलाकात राज्य और ऑस्ट्रेलिया के बीच भविष्य में सहयोग के नए अवसरों को लेकर अहम मानी जा रही है।





