StateNewsदेश - विदेश

राघव चड्ढा पर मारपीट के आरोप से सियासत गरम,हरियाणा के पूर्व AAP अध्यक्ष का बडा दावा

नई दिल्ली/चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। हरियाणा में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि चड्ढा के साथ दिल्ली में मारपीट की गई थी। जयहिंद ने वीडियो जारी कर कहा कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर राघव को “मुर्गा बनाकर” पीटा गया।

जयहिंद के मुताबिक, यह घटना 2024 की है, जब चार नेताओं की मौजूदगी में राघव चड्ढा से कथित तौर पर मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान राघव की आंख पर चोट आई थी और उसी के इलाज के लिए वे इंग्लैंड गए थे। जयहिंद ने कहा कि लोगों को बताया गया कि वे निजी यात्रा पर गए हैं, जबकि असल वजह कुछ और थी।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राघव चड्ढा इस मामले पर खुलकर सामने क्यों नहीं आ रहे। जयहिंद ने कहा कि “आप राज्यसभा में इतनी बेबाकी से बोलते हैं, तो इस मुद्दे पर भी सच बताइए कि उस दिन क्या हुआ था और वहां मौजूद चार लोग कौन थे।”

इस पूरे विवाद के बीच राघव चड्ढा ने भी हाल ही में अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें “खामोश करवाने की कोशिश” की गई है, लेकिन वे हार नहीं मानेंगे। हालांकि, उन्होंने मारपीट के आरोपों पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

नवीन जयहिंद ने बातचीत में यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी खुद छोड़ी थी और उनके साथ ऐसा कोई व्यवहार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि जयहिंद 2011 के अन्ना हजारे आंदोलन से जुड़े रहे हैं और AAP के शुरुआती नेताओं में शामिल थे। उनके इन आरोपों के बाद पार्टी की अंदरूनी राजनीति और नेतृत्व को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button