StateNewsदेश - विदेश

इंडिगो फ्लाइट के वॉशरूम में ‘DANGER’ लिखा टिश्यू मिलने से मुंबई एयरपोर्ट पर हड़कंप

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं, जब इंडिगो की एक फ्लाइट के वॉशरूम में ‘डेंजर’ (DANGER) लिखा एक संदिग्ध टिश्यू पेपर बरामद हुआ। इस खबर के फैलते ही एयरपोर्ट पर बम की अफवाह उड़ गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 911 में उस समय सामने आई जब विमान को अगली उड़ान के लिए तैयार किया जा रहा था। रूटीन चेकिंग के दौरान स्टाफ को टॉयलेट के पास एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर ‘खतरा’ और ‘डेंजर’ जैसे शब्द लिखे थे। इसकी सूचना तुरंत मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम और एयरपोर्ट सुरक्षा इकाई को दी गई।

सघन तलाशी और जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा घेरा बनाकर पूरे विमान, यात्रियों के सामान और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली गई। घंटों चली जांच के बाद जब कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, तब सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने इसे किसी की “शरारती हरकत” करार दिया है।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से न केवल विमानन सुरक्षा को खतरा पहुंचता है, बल्कि यात्रियों में बेवजह का डर पैदा होता है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपी की पहचान के लिए विमान में सवार रहे यात्रियों की सूची और एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टिश्यू पेपर पर यह संदेश किसने और किस उद्देश्य से लिखा था। फिलहाल, मुंबई एयरपोर्ट पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी उड़ानें अपने निर्धारित समय से संचालित हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button