ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय ने 240 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद; बेटियों को मिले 50-50 हजार

रायपुर। जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 240 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद मंडप में पहुंचकर नवदंपतियों पर अक्षत वर्षा की और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा स्टेडियम सामाजिक समरसता और खुशियों के माहौल से सराबोर रहा।

आर्थिक बोझ से मिली मुक्ति, समाज को मिला संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार हर बेटी के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना उन माता-पिता के लिए बड़ा सहारा है, जो आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की शादी को लेकर चिंतित रहते थे। सामूहिक विवाह न केवल फिजूलखर्ची रोकता है, बल्कि समाज में एकता का संदेश भी देता है।

हर जोड़े को 50 हजार की सहायता

योजना के तहत शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े पर 50,000 रुपए खर्च किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही नववधुओं को सहायता राशि के चेक सौंपे।

वैदिक रीति-रिवाज से हुआ पाणिग्रहण संस्कार

शादी की सभी रस्में गायत्री परिवार के विद्वानों द्वारा पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। विवाह के बाद सभी जोड़ों को मौके पर ही विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जशपुर के राजपरिवार के सदस्यों सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने नए जोड़ों को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में ये दिग्गज रहे शामिल

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, आईजी दीपक कुमार झा और कलेक्टर रोहित व्यास सहित कई गणमान्य नागरिक इस सामाजिक उत्सव के साक्षी बने।

Related Articles

Back to top button