खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: खेल संचालिका तनुजा सलाम पहुंचीं अंबिकापुर; गांधी स्टेडियम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रायपुर | छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने आज मैदानी मोर्चा संभाला। उन्होंने गांधी स्टेडियम पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खिलाड़ियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं आनी चाहिए।
ग्राउंड से लेकर किचन तक का किया मुआयना
निरीक्षण के दौरान खेल संचालिका ने विशेष रूप से रेसलिंग (कुश्ती) चैंपियनशिप के वेन्यू का जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम में बने प्रैक्टिस एरिया, मुख्य मुकाबला स्थल, मेडिकल यूनिट और खिलाड़ियों के लिए तैयार की गई भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने तकनीकी टीम के साथ बैठक कर नियमों के कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों के कमरों में जाकर परखी स्वच्छता
संचालिका सलाम ने सिर्फ स्टेडियम ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के रुकने के लिए चिन्हित होटल ग्रैंड बसंत और होटल मयूरा का भी दौरा किया। वहां उन्होंने कमरों की स्वच्छता, सुरक्षा और बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देशभर के जनजातीय क्षेत्रों से आ रहे इन मेहमान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलना चाहिए।
एथलीटों से सीधा संवाद
होटल और स्टेडियम में प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों से सीधी बात की। उन्होंने खिलाड़ियों से पूछा कि उन्हें खाने और रहने में कोई दिक्कत तो नहीं हो रही? खिलाड़ियों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने मौके पर मौजूद जिला खेल अधिकारी राम कुमार सिंह को जरूरी सुधार के निर्देश दिए।



