शादी की जिद में टावर पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, 4 घंटे की मशक्कत के बाद युवक गिरफ्तार

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी पसंद की लड़की से शादी करने की जिद पर अड़ गया और देखते ही देखते 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। लुंड्रा थाना क्षेत्र के छीरोपारा में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए।
40 फीट ऊपर से कूदने की धमकी
मंगलवार सुबह, 27 वर्षीय योगेश यादव गांव के ही एक मोबाइल टावर के शिखर पर पहुंच गया। युवक की मांग थी कि उसकी शादी उसी लड़की से कराई जाए जिसे वह पसंद करता है। मांग पूरी न होने पर उसने नीचे कूदकर जान देने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और परिजनों ने घंटों उसे नीचे उतारने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
युवती का बयान: “वह मुझे परेशान करता है”
जहां एक ओर युवक इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहा था, वहीं दूसरी ओर युवती ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। युवती का कहना है कि उसका युवक से कोई लेना-देना नहीं है और वह उसे बेवजह परेशान व छेड़छाड़ करता है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
4 घंटे बाद सुलझा मामला, फिर हुई गिरफ्तारी
करीब 4 घंटे तक चले इस ड्रामे का अंत तब हुआ जब परिजनों ने दिखावे के लिए शादी की बात मान ली। झांसे में आकर योगेश जैसे ही नीचे उतरा, पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया





