बस्तर में 108 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, सोना-नकदी और हथियार सौंपे

रायपुर।छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच बुधवार को बड़ी सफलता मिली। जगदलपुर में 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों पर कुल लगभग 3 करोड़ 95 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली अपने साथ बड़ी मात्रा में सोना, नकदी और हथियार भी लेकर आए। नक्सलियों ने करीब 1 किलोग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 64 लाख रुपए बताई जा रही है, पुलिस को सौंप दिया। इसके अलावा उनके पास से 3 करोड़ 61 लाख रुपए नकद और कुल 101 हथियार भी बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि यह रकम और संसाधन नक्सलियों ने लेवी वसूली के जरिए जुटाए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण से पहले इन नक्सलियों ने बस्तर पुलिस से संपर्क कर अपने पास मौजूद नकदी और सोने की जानकारी दी थी। अब औपचारिक आत्मसमर्पण के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी कि यह सोना कहां से आया और किन स्रोतों से उन्हें आर्थिक मदद मिलती थी।
नक्सलियों के पास से बरामद हथियारों में 7 एके-47, 10 इंसास राइफल, 5 एसएलआर राइफल, 4 मशीनगन, 20 नग 303 राइफल और 11 बीजीएम प्रक्षेपक शामिल हैं। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सातों जिलों के पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक भी मौजूद रहे।
इधर आत्मसमर्पण की प्रक्रिया के बीच कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर भी सामने आई। करीब आधे घंटे तक चली गोलीबारी के बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास योजना का लाभ देने की बात कही है और शेष नक्सलियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।





