ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजधानी में अतिक्रमण पर तीसरे दिन भी सख्ती: जयस्तंभ चौक से रहमानिया चौक तक चला अभियान, 15 दुकानदारों पर 27 हजार रुपए का ई-चालान

रायपुर। राजधानी में ट्रैफिक जाम और सड़क पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को जयस्तंभ चौक से लेकर रहमानिया चौक तक व्यापक अभियान चलाकर व्यस्त मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान मालवीय मार्ग, बैजनाथपारा रोड और आसपास के बाजार क्षेत्रों में अवैध रूप से सड़क पर कब्जा कर बैठे दुकानदारों और ठेले वालों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क पर खड़े करीब 10 ठेलों को जब्त किया गया और संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने पर सामान जब्त कर लिया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं कई दुकानदारों ने स्वयं आगे बढ़कर सड़क किनारे रखा सामान हटा लिया।

यह संयुक्त अभियान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम और यातायात पुलिस की टीम द्वारा चलाया गया। निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के मार्गदर्शन में एएसपी यातायात विवेक शुक्ला, नगर निवेश विभाग, जोन-4 की टीम और उड़नदस्ता दल ने बाजार क्षेत्र में सघन कार्रवाई की।

इसी कड़ी में पचपेड़ीनाका चौक से संतोषी नगर चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। यहां सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लगभग 15 दुकानदारों पर कुल 27 हजार रुपए का ई-चालान किया गया और भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

लगातार तीसरे दिन चली इस कार्रवाई का सकारात्मक असर बाजार और मुख्य मार्गों पर साफ नजर आया। यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई और आम लोगों को जाम से राहत मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘टीम प्रहरी’ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि राजधानी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button