ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के द्वितीय चरण का सफल आयोजन, छत्तीसगढ़ से लाखों विद्यार्थियों-शिक्षकों एवं पालकों की उत्साहजनक सहभागिता

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के द्वितीय चरण का आज सफल आयोजन किया गया। इस चरण में भी छत्तीसगढ़ राज्य की व्यापक, प्रभावशाली और उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम से जुड़कर परीक्षा से जुड़े तनाव, तैयारी और जीवन मूल्यों पर प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को सुना।

द्वितीय चरण के दौरान छत्तीसगढ़ के 36,905 विद्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसे राज्यभर से 26.65 लाख विद्यार्थियों, 1.54 लाख शिक्षकों और 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.89 लाख दर्शकों ने देखा।

इसके अतिरिक्त, समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व की तरह 478 सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई, जहां लगभग 42 हजार नागरिकों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया।

इससे पहले, 6 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम के प्रथम चरण में भी छत्तीसगढ़ की भागीदारी उल्लेखनीय रही थी। उस चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिला था, जिसे राज्य के लिए गौरव का क्षण माना गया।

द्वितीय चरण में रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम श्री नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी तेजस चन्द्राकर को प्रधानमंत्री जी से प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त हुआ। तेजस ने परीक्षा के बाद भ्रमण योग्य स्थलों के बारे में जानकारी चाही।

इस पर प्रधानमंत्री जी ने प्रेरणादायक उत्तर देते हुए अपने क्षेत्र, तहसील, जिला और राज्य स्तर पर देखने योग्य स्थलों की सूची तैयार करने, यात्रा की योजना बनाने और इन भ्रमणों को सीखने के अवसर के रूप में अपनाने की सलाह दी।

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम ने एक बार फिर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button