महाराष्ट्र की 12 जिला पंचायतों में वोटिंग: डिप्टी CM सुनेत्रा पवार ने बारामती में डाला वोट, अजित पवार की मौत के बाद टले थे चुनाव

दिल्ली। महाराष्ट्र के 12 जिलों में शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7:30 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5:30 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना 9 फरवरी को होगी।
इस चुनाव में कुल 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं और दो करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आज सुबह बारामती में उपमुख्यमंत्री और पूर्व डिप्टी सीएम दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।
यह चुनाव पहले 5 फरवरी को होने थे, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इसी कारण मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी गई। आज रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर जिलों में शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है।
जिला परिषद की 731 सीटों और पंचायत समिति की 1,462 सीटों के लिए यह चुनाव हो रहे हैं। जिला परिषद की 369 और पंचायत समिति की 731 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी बड़ी संख्या में सीटें आरक्षित रखी गई हैं। मतदान के लिए 25,471 केंद्र बनाए गए हैं और करीब 1.28 लाख कर्मी चुनाव ड्यूटी में तैनात हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार मतदाताओं में 1 करोड़ 6 लाख से अधिक पुरुष, 1 करोड़ 1 लाख से अधिक महिलाएं और 468 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा और महायुति गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी, जिससे इस चुनाव में भी सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।





