तीसरे बजट सत्र की तैयारी में जुटी साय सरकार, मंत्रियों से आज से चर्चा शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तीसरे बजट की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का मुख्य फोकस इस बार विकास और जनकल्याण की प्राथमिकताओं को मजबूत करने पर है। वित्त विभाग ने इस दिशा में मंत्री-स्तरीय बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
6 से 9 जनवरी तक होने वाली बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे। इन चार दिनों में मंत्री-स्तरीय वन-टू-वन चर्चा होगी, जिसमें विभागीय प्रस्तावों की समीक्षा की जाएगी। आज, मंगलवार, को बैठक महानदी भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। पहले दिन चार मंत्री अपने-अपने विभाग के बजट प्रस्ताव वित्त मंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तुत करेंगे।
6 जनवरी का शेड्यूल:
- 11 बजे: उद्योग, आबकारी और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन
- 12 बजे: स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और ओबीसी कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
- 2 बजे: पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल
- 3 बजे: कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और एससी कल्याण मंत्री गुरु खुशवंत
7 जनवरी का शेड्यूल:
- 11 बजे: वन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप
- 12 बजे: राजस्व, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा
- 2.30 बजे: अजाक कल्याण, कृषि तथा मछली-पशुधन पालन मंत्री रामविचार नेताम
- 4 बजे: वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्त विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय
8 जनवरी का शेड्यूल:
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खेल एवं युवा कल्याण और नगरीय प्रशासन विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे।
- दोपहर 2.30 बजे स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी विभागों के प्रस्ताव रखे जाएंगे।
9 जनवरी का शेड्यूल:
- 12 बजे: महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
- 2 बजे: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और आईटी विभागों के प्रस्तावों पर मंथन
सरकार की योजना है कि इस बैठक के बाद विभागीय बजट प्रस्तावों पर व्यापक समीक्षा कर अंतिम निर्णय लिए जाएं, ताकि तीसरे बजट सत्र में विकास और जनकल्याण के महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया जा सके।





