भांजे के सामने मामा के पेट में घुसाई कैंची, आरोपी फरार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक मामूली पैसों के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डिपरापारा स्थित खारुन नदी किनारे मछली पकड़ने गए व्यक्ति पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के समय पीड़ित का भांजा भी मौके पर मौजूद था। आरोपी ने मात्र 1000 रुपए के लिए यह हमला किया और वारदात के बाद फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, डिपरापारा निवासी राजकरण यादव अपने मामा देवेन्द्र यादव के साथ 10 नवंबर की शाम करीब 5 बजे खारुन नदी के किनारे मछली पकड़ने गया था। उसी समय वहां आरोपी दीपक साहू भी मौजूद था। बातचीत के दौरान दीपक ने देवेन्द्र से तत्काल 1000 रुपए की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया।
गुस्से में आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कैंची से देवेन्द्र यादव के पेट में वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भांजे ने किसी तरह अपने मामा को बचाया और परिजनों की मदद से तुरंत एम्स रायपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी दीपक साहू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर हमला और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और आरोपी की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी पहले भी विवादों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हमले के पीछे केवल पैसों का विवाद था या कोई पुरानी रंजिश भी शामिल है।



