ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव: विश्व कप विजय पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई, 10 लाख सम्मान राशि की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर देशवासियों को बधाई दी और टीम की इस उपलब्धि को “हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने प्रदर्शन से न केवल खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है, बल्कि विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आकांक्षा ने टीम की फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी में अभूतपूर्व भूमिका निभाई। उनके समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने भारतीय टीम को मजबूती दी और सफलता की राह प्रशस्त की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आकांक्षा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने यह सिद्ध किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं। राज्य सरकार ने उनके उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में ₹10 लाख की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

उन्होंने आगे कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी की सफलता छत्तीसगढ़ की समस्त बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उनके कठोर परिश्रम, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है, जिसने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रशिक्षण अवसरों और प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ की और भी बेटियाँ विश्व स्तर पर देश का मान बढ़ाएँ।

Related Articles

Back to top button