48 घंटे में प्रदेशभर से विदा हो सकता है मानसून: उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ से लौटा, आज सभी जगह मौसम सामान्य रहने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे के भीतर मानसून की पूरी तरह विदाई हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों से मानसून पहले ही लौट चुका है, जबकि दक्षिणी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में कोंटा में सबसे अधिक 60 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, यानी प्रदेश के सभी हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा। अक्टूबर महीने में अब तक राज्य में सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर 8 अक्टूबर तक 28.3 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है।
आमतौर पर छत्तीसगढ़ में 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की ओर से मानसून की वापसी शुरू हो जाती है, मगर इस बार यह लगभग 10 से 12 दिन देरी से लौट रहा है। विभाग का कहना है कि 30 सितंबर तक की बारिश को मानसून का हिस्सा माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश ‘पोस्ट मानसून’ कहलाती है।
अब तक प्रदेश में औसतन 1167.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बेमेतरा जिले में सामान्य से 50% कम बारिश यानी 524.5 मिमी पानी बरसा है, जबकि बलरामपुर जिले में 1520.9 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 52% अधिक है। बस्तर, रायगढ़ और राजनांदगांव में बारिश सामान्य स्तर पर रही।