StateNewsदेश - विदेश

देश में 110 साल की तीसरी सबसे तेज ठंड पड़ेगी: हिमालय का 86% हिस्सा बर्फ से ढंका, तापमान गिरा

दिल्ली। देश इस बार 110 साल में तीसरी सबसे तेज ठंड का सामना करेगा। इसका कारण यह है कि ऊपरी हिमालय का करीब 86% हिस्सा सामान्य से दो महीने पहले ही बर्फ की मोटी परत से ढंक गया है। हाल ही में आए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते पूरे हिमालयी क्षेत्र का तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे है, जिससे बर्फ पिघल नहीं रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यह एक अच्छा संकेत है क्योंकि दिसंबर में ला नीना प्रभाव सक्रिय हो जाएगा, जिससे भारत में ठंड और बारिश दोनों बढ़ेंगी।

ऊपरी हिमालय (4,000 फीट से अधिक ऊंचाई) पर औसत तापमान माइनस 15°C या उससे कम दर्ज हो रहा है। ला नीना के कारण उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान औसतन 3-4°C और घट सकता है। मध्य प्रदेश में पहले ही ठंड ने दस्तक दे दी है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 15.8°C रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.6°C कम है। यह अक्टूबर के पहले पखवाड़े में पिछले 26 साल में तीसरी बार हुआ है। राजस्थान के सीकर में भी रात का तापमान 15°C से नीचे पहुंच गया है।

उत्तराखंड, हिमाचल, सिक्किम और कश्मीर से लेकर नेपाल तक ऊंचे इलाकों में बर्फ की मोटी परत जम गई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. मेहता के मुताबिक, इस बर्फबारी से ग्लेशियरों की स्थिति सुधरेगी और उत्तर भारत की नदियों के स्रोत अगले पांच वर्षों तक स्थिर रहेंगे।

वैज्ञानिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 122 साल में भारत का औसत तापमान 0.99°C बढ़ा है, लेकिन 2025 के अंत तक ला नीना के प्रभाव से वैश्विक तापमान में 0.2°C की गिरावट संभावित है। इससे आने वाली सर्दी असाधारण रूप से ठंडी होगी।

Related Articles

Back to top button