StateNewsदेश - विदेश

देशभर में मानसून विदाई की ओर, लेकिन बारिश का असर बरकरार

दिल्ली। मानसून अब विदाई की ओर है, लेकिन जाते-जाते भी देशभर में बारिश का असर दिखाई दे रहा है। दिल्ली-एनसीआर में 18 सितंबर की रात से लेकर 19 सितंबर की सुबह तक हल्की वर्षा का अनुमान है। स्काइमेट के अनुसार, दिल्ली से मानसून सामान्यतः 25 सितंबर तक विदा होता है, लेकिन इस बार नमी में कमी और पश्चिमी हवाओं के चलते 20-21 सितंबर तक ही विदाई की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा के कई जिलों में 18 और 19 सितंबर को हल्की बारिश होने के आसार हैं। राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों से मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से यहां भी दो दिन वर्षा की संभावना बनी रहेगी।

उत्तरी भारत में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। उत्तर प्रदेश के 30 जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी वर्षा, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं।

देहरादून में मानसून का असर सबसे अधिक देखने को मिला है। यहां बीते सात दिनों में सामान्य से 305 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई। सहस्त्रधारा क्षेत्र में 24 घंटे में वर्षा का ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड टूटा। हरिद्वार के कई क्षेत्रों में भी बारिश आफत बन गई।

हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावितों के पुनर्वास पर काम तेज किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने असुरक्षित भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। अब तक राज्य में 417 लोगों की मौत हो चुकी है और 45 लोग लापता हैं।

वहीं मसूरी में मार्ग अवरुद्ध होने से करीब 3000 पर्यटक फंसे हुए हैं। आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति बाधित हो गई है और पेट्रोल-डीजल खत्म होने से स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button