CM साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार शाम महादेव घाट, रायपुर में आयोजित खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में शामिल हुए। यह आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। महाआरती के दौरान खारुन नदी तट पर 2100 दीपों का दीपदान कर वातावरण को आस्था और समरसता से आलोकित किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुशल नेतृत्व से भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया है। वे आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसी लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ता और प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
उन्होंने साध्वी प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में महानदी और केलो नदी में गंगा आरती की शुरुआत को नदी संरक्षण की प्रेरणादायी पहल बताया। साथ ही खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी आस्था का प्रतीक है, जिससे हम संस्कृति और पर्यावरण दोनों से जुड़े रहते हैं। कार्यक्रम में साध्वी प्रज्ञा भारती, विधायक मोती लाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।