सीएम साय की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, रायपुर तिरंगामय

रायपुर। मोर तिरंगा मोर अभिमान अभियान के तहत राजधानी रायपुर में बुधवार शाम 4 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
शहीद स्मारक भवन से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर सम्पन्न हुई, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। 1500 मीटर लंबा तिरंगा इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा। जगह-जगह यात्रा का स्वागत फूल वर्षा और देशभक्ति नारों से किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सांसद, विधायक, पूर्व सैनिक, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
देशभक्ति का माहौल चरम पर
स्वतंत्रता दिवस से पहले ही राजधानी में देशभक्ति का माहौल चरम पर नजर आया। मुख्य कार्यक्रम से एक दिन पहले ही शहर के कई मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सिविल लाइन मंडल दक्षिण की यात्रा कालीमाता मंदिर से शुरू होकर कटोरा तालाब चौक में समाप्त हुई। विधायक सुनील सोनी ने कहा कि आज रायपुर का हर गली-मोहल्ला तिरंगे के रंग में रंगा हुआ है। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर के मुताबिक, हर मंडल की यात्रा ने लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना को और मजबूत किया है।
पूर्व जिला अध्यक्ष जयंती पटेल ने बताया कि शुक्रवार को 150 चौकों पर देशभक्ति गीत गूंजेंगे। व्यापारी वर्ग और सामाजिक संगठनों की भी बड़ी भागीदारी रही। मंडल अध्यक्ष सुनील कुकरेजा और व्यापारी संघ अध्यक्ष तेजकुमार बजाज ने आम नागरिकों के जुड़ने पर आभार जताया।
जवाहर नगर मंडल की यात्रा डॉ. मुखर्जी प्रतिमा स्थल से शुरू होकर एमजी रोड, गुरुनानक चौक, राठौड़ चौक, रामसागर पारा, ललिता चौक और फूल चौक होते हुए शारदा चौक में समाप्त हुई। इसमें अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संदीप जघेल, पार्षद अवतार सिंह बागल, जोन 7 अध्यक्ष एवं पार्षद श्वेता विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। श्वेता विश्वकर्मा ने कॉलेज और स्कूल के बच्चों संग भी तिरंगा यात्रा निकाली। पूरा रायपुर तिरंगे की शान और देशभक्ति के जोश से गूंज उठा।