ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मुख्यमंत्री साय करेंगे ‘छेरा पहरा’

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। अवंति विहार स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े हैं। मंदिर प्रांगण भक्ति और उल्लास से सराबोर है।

आज भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। परंपरागत मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। रथ यात्रा की शुरुआत ‘छेरा पहरा’ परंपरा के साथ होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय “सोने की झाड़ू” से रथ मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई कर भगवान के लिए रास्ता शुद्ध करेंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है।

सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच यह धार्मिक क्रिया सम्पन्न की जाएगी, जिसमें सुगंधित जल का छिड़काव कर रथों की पूजा की जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन पुरी में गजपति राजा करते हैं, जिसे रायपुर में भी उसी श्रद्धा से निभाया जा रहा है। प्रशासन और मंदिर समिति ने रथ यात्रा के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है। स्वास्थ्य, जल, प्रसाद वितरण और मार्ग व्यवस्था के लिए वॉलंटियर और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। रथ यात्रा के दौरान राजधानी में भक्ति, सौहार्द और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button