ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आपातकाल की 50वीं बरसी पर बीजेपी ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’

रायपुर। देश में लगाए गए आपातकाल को 50 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया। राजधानी रायपुर स्थित एकात्म परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया से चर्चा करते हुए 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अब तक देश में तीन बार आपातकाल लगा—1962, 1971 और 1975 में, लेकिन 1975 का आपातकाल पूरी तरह से सत्ता बचाने के लिए थोपा गया था।

अरुण साव ने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा चुनाव को अवैध ठहराए जाने के बाद सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू कर दिया। इसके तहत नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया, विपक्ष की आवाज दबाई गई और प्रेस की स्वतंत्रता खत्म कर दी गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक लाख से अधिक लोगों को जेल में डाला गया और 253 पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया। यहां तक कि कई नेताओं को परिजनों की अंत्येष्टि में शामिल होने की भी अनुमति नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच आज भी नहीं बदली है, वह अब भी सत्ता के लिए लोकतंत्र और संविधान को ताक पर रखती है। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल की सच्चाई से परिचित कराना उसका दायित्व है। इस अवसर पर पार्टी द्वारा आपातकाल का विरोध करने वाले लोकतंत्र रक्षकों और स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button