StateNewsदेश - विदेश

देश में मानसून का असर तेज, राजस्थान और मध्य प्रदेश में रेड अलर्ट; ओडिशा में बाढ़ से हालात गंभीर

दिल्ली। देश के 26 राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसका असर अब भारी बारिश और बाढ़ के रूप में देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में तेज बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में रविवार को एक ही दिन में 9 इंच बारिश दर्ज की गई, जो पिछले पांच वर्षों में जून महीने में सबसे अधिक है। वहीं, राजस्थान के माउंट आबू में 24 घंटे में 7 इंच बारिश हुई है। यहां कई नदियां उफान पर हैं और कई गांवों का संपर्क टूट गया है।

ओडिशा में हालात और भी गंभीर हैं। यहां 50 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक 24 वर्षीय महिला की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। राहत और बचाव के लिए NDRF, SDRF और ODRF की टीमें तैनात की गई हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, और गुजरात सहित कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बाढ़ के कारण लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम का यह मिजाज अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button