ChhattisgarhStateNews

पड़ोसी ने गाली देने से किया मना, तो युवक ने कुल्हाड़ी से काटा गला; घायल सिम्स में भर्ती

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने पड़ोसी के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।

घटना ग्राम जलसो की है। यहां रहने वाला कलिंग सूर्यवंशी पेशे से कैटरर है। शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद घर पर आराम कर रहा था। तभी उसका पड़ोसी अजीत सूर्यवंशी, जो शराब के नशे में था, घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगा। आवाज सुनकर कलिंग बाहर आया और उसे ऐसा करने से मना किया। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। बहस के दौरान अजीत का भाई दुर्गा प्रसाद भी मौके पर पहुंच गया। उसने अजीत का पक्ष लेते हुए कलिंग से विवाद करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दुर्गा प्रसाद अंदर से कुल्हाड़ी लेकर आया और कलिंग के गले पर अचानक हमला कर दिया। एक ही वार में उसका गला आधा कट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर कलिंग की मां और भाई बाहर आए और किसी तरह हमलावर को भगाया। तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सिम्स अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे तुरंत ऑपरेशन थिएटर में भर्ती कर ऑपरेशन किया। इधर, घटना के बाद आरोपी दुर्गा प्रसाद फरार हो गया था। कोनी पुलिस ने रात में ही उसके ठिकानों पर दबिश दी और कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button