StateNewsदेश - विदेश

UP में आंधी-तूफान से 94 मौतें, राजस्थान-MP में हीटवेव; 80KM की रफ्तार से चली हवाएं

दिल्ली। देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने तबाही मचाई है, तो दूसरी तरफ राजस्थान और मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत 30 जिलों में बुधवार को आंधी-तूफान से 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 भदोही में हुईं। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए।

बरेली में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया। बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। डीग में गर्मी के कारण 12वीं की चार छात्राएं बेहोश हो गईं।

मध्य प्रदेश में भी हालात गंभीर हैं। खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री तक पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार दिन तक राज्य के 25 से ज्यादा जिलों में लू चलने की संभावना है।

हरियाणा के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया है। वहीं बिहार के पूर्णिया और कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड और हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Back to top button