तेंदुए की 2 खाल के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने तेंदुए की 2 खाल के साथ 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई।
जानकारी के अनुसार, वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (भोपाल), राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास घेराबंदी की। यहां मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के बाकी सदस्यों को भी दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक और तेंदुए की खाल जब्त की गई। इस तरह कुल 2 खाल बरामद हुईं, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए की बताई जा रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से वन्यजीव तस्करी में सक्रिय था और अलग-अलग राज्यों में नेटवर्क बनाकर काम कर रहा था।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।





