धान बेचने पहुंचे 83 किसानों की उपार्जन केंद्रों में हुई हेल्थ जांच: राजनांदगांव के 122 केंद्रों में लगेंगे शिविर, BP-शुगर और यूरिन टेस्ट की सुविधा

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में धान खरीदी के साथ किसानों की सेहत का भी ध्यान रखा जा रहा है। अब किसानों को स्वास्थ्य जांच और डॉक्टरों से परामर्श के लिए अलग से अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में ही स्वास्थ्य शिविर लगाने की पहल की है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले के सभी 122 धान खरीदी केंद्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में गुरुवार को चार उपार्जन केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इनमें कुल 83 किसानों की जांच की गई। शिविरों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और यूरिन की जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। किसानों के अलावा केंद्रों में काम करने वाले हमालों और समिति के कर्मचारियों को भी इस सुविधा का लाभ मिल रहा है।

कोलिहापुरी में सबसे ज्यादा 30 किसानों की जांच

स्वास्थ्य शिविरों में कोलिहापुरी केंद्र पर सबसे ज्यादा 30 किसानों का परीक्षण किया गया। वहीं कोहका में 24, रतनभाठ में 15 और कन्हारपुरी केंद्र में 14 किसानों की जांच हुई। इस तरह चार केंद्रों में कुल 83 किसानों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

धान बेचने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा

खेती-किसानी के काम में व्यस्त रहने के कारण कई किसान नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे में धान बेचने के लिए केंद्र पहुंचने पर ही जांच की सुविधा मिलने से उनका समय बच रहा है। साथ ही ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी समस्याओं की समय पर पहचान भी हो सकती है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचने के दौरान स्वास्थ्य शिविरों का लाभ जरूर लें और नियमित रूप से अपनी जांच कराएं।

↑
Exit mobile version