ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

70 किलो गौ-मांस बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार: थाने से 500 मीटर दूर स्वीपर मोहल्ले में चल रही थी तस्करी

सारंगढ़। सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना से महज 500 मीटर दूर स्वीपर मोहल्ले में छापेमारी कर 70 किलोग्राम गौ-मांस बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य सरगना वीरेंद्र रात्रे सहित पांच अन्य आरोपी फरार हो गए। यह कार्रवाई गौ माता सेवा समिति के सदस्यों की शिकायत के बाद की गई।

पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में गौ-मांस तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मोहल्ले में दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई घरों के ताले तोड़कर तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में गौ-मांस का जखीरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से संतोष प्रेमी, विजय कुमार और मोहन खूंटे को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपियों में वीरेंद्र रात्रे, सुखबाई मिरी, फूलबासन, जानकी और कन्हैया के नाम शामिल हैं। सभी आठ आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वीरेंद्र रात्रे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है, जिसके निर्देश पर मोहल्ले के कई घरों में गौ-मांस को संग्रहित और सुखाकर रखा जाता था। बताया जा रहा है कि यहां से आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर आपूर्ति की जाती थी। कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन तब भी मुख्य सरगना फरार हो गया था।

मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि तस्करों ने अवैध कब्जे कर मकान बना लिए थे और इन्हें गौ-मांस के अवैध कारोबार का अड्डा बना रखा था। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button