दिल्ली। बेंगलुरु के एक लॉज में 22 साल की युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान केरल के अडूर निवासी गंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके 23 वर्षीय दोस्त गोकुल कृष्ण को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे। शुक्रवार सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गंगा के पेट में चाकू मार दिया।
पुलिस के मुताबिक, गंगा ने नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी और नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आई थी। गोकुल कृष्ण भी उसके साथ शहर पहुंचा था। दोनों गुरुवार सुबह एक लॉज में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गोकुल ने गंगा पर चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल गंगा को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद लॉज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लॉज प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन झगड़े की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और हत्या से पहले दोनों के बीच क्या हुआ था। लॉज में मौजूद परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
