14 IAS को नई जिम्मेदारी: राजनांदगांव कलेक्टर बने जितेंद्र यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने मंगलवार को IAS अधिकारियों के विभागीय प्रभारों में बड़े स्तर पर फेरबदल किया। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके मौजूदा प्रभारों से मुक्त किया गया।

मुख्य बदलावों में IAS रेणु जी पिल्ले (1991 बैच) को अध्यक्ष, व्यापम के पद पर तैनात किया गया और साथ ही उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। सुब्रत साहू (1992 बैच) को 1 अक्टूबर से सेवानिवृत्त हो रहे टोपेश्वर वर्मा की जगह अध्यक्ष, राजस्व मंडल, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार मिला।

IAS सोनमणि बोरा (1997 बैच) को प्रमुख सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। डॉ. रोहित यादव (2002 बैच) को सचिव, जनसंपर्क विभाग नियुक्त किया गया है, जबकि उन्हें ऊर्जा, पर्यटन, संस्कृति विभाग और CSPGCL, CSPDCL के अध्यक्ष पद का दायित्व भी जारी रहेगा। इसके साथ ही पी. दयानंद (2006 बैच) को जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया।

अन्य नियुक्तियों में IAS अविनाश चंपावत (2003 बैच) को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार, IAS मुकेश कुमार बंसल (2005 बैच) को सचिव, विमानन विभाग, IAS अंकित आनंद (2006 बैच) को सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग और पर्यावरण संरक्षण मंडल का प्रभार दिया गया। IAS भुवनेश यादव (2006 बैच) को योजना एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम, कुलदीप शर्मा (2014 बैच) को राज्य वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन, रवि मित्तल (2016 बैच) को संचालक विमानन, डॉ. फरिहा आलम (2016 बैच) को संचालक खाद्य, और IAS लोकेश कुमार को श्रम विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला।

जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव हुए हैं। IAS जितेंद्र यादव (2019 बैच) को कलेक्टर, राजनांदगांव बनाया गया है, जबकि पठारे अभिजीत बबन (2022 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ पदस्थ किया गया। इस फेरबदल से राज्य के प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और कुशल संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version