रिलीज से पहले ही ‘टॉक्सिक’ का जलवा, 2.6 लाख टिकट बिके; एडवांस बुकिंग में 19 करोड़ पार

मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर माहौल बना रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक फिल्म के करीब 2.6 लाख टिकट बिक चुके हैं। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर एडवांस बुकिंग से फिल्म का कलेक्शन करीब ₹19.44 करोड़ पहुंच गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पहले दिन की एडवांस बुकिंग से ‘टॉक्सिक’ ने करीब ₹11.74 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। फिल्म के कन्नड़ वर्जन को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
कन्नड़ भाषा में करीब ₹7.72 करोड़ की बुकिंग हुई है, जबकि हिंदी वर्जन से लगभग ₹3.86 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया गया है। तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा क्रेज
यश के होम स्टेट कर्नाटक में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। यहां करीब 1.6 लाख टिकट बिक चुके हैं और एडवांस बुकिंग लगभग ₹7.72 करोड़ बताई जा रही है। महाराष्ट्र करीब ₹1.81 करोड़ की बुकिंग के साथ दूसरे और दिल्ली करीब ₹1.19 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर है।
‘टॉक्सिक’ को मिला A सर्टिफिकेट
फिल्म को भारत में सेंसर बोर्ड से ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है। यानी 18 साल से कम उम्र के दर्शक इसे सिनेमाघरों में नहीं देख सकेंगे। ब्रिटेन में भी फिल्म को 18 रेटिंग दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में हिंसा, ड्रग्स और अन्य एडल्ट कंटेंट को लेकर चेतावनी दी गई है।
26 अगस्त को होगी रिलीज
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शुरुआती एडवांस बुकिंग को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही है।





