नेपाल की बाढ़ से 8 जिलों में हाई अलर्ट; गंगा-गंडक खतरे के निशान से ऊपर, उत्तराखंड-हिमाचल में भी बारिश का दौर

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बिहार में खगड़िया और चंपारण समेत 20 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश का दौर 1 सितंबर तक जारी रह सकता है। नेपाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ का असर भी बिहार के सीमावर्ती इलाकों में दिखाई दे रहा है। राज्य के 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
गंगा और गंडक नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कोसी और बागमती भी उफान पर हैं। बाढ़ के कारण 50 हजार से ज्यादा घरों में पानी पहुंचने की जानकारी सामने आई है। वैशाली में गंडक के आसपास के गांवों में भी जलस्तर बढ़ने लगा है।
यूपी के महोबा में 131.6 मिमी बारिश
उत्तर प्रदेश के महोबा में गुरुवार सुबह से शाम तक 131.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। वहीं, निवाड़ी में नदी-नाले उफान पर आने से हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ।
उत्तराखंड के 11 जिलों में अलर्ट
उत्तराखंड के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-बौछार की संभावना है। गुरुवार को चमोली में लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ हाईवे कुछ समय के लिए बाधित रहा।
हिमाचल में 31 अगस्त से फिर तेज बारिश
हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट है। लैंडस्लाइड और बारिश के कारण राज्य में करीब 70 सड़कें बंद हैं।
छत्तीसगढ़ में बांध टूटा, खेतों में भरा पानी
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के ग्राम तेतरडीह में कृषि विभाग का बांध टूट गया। इससे खेतों में पानी भर गया और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। राजस्थान के कोटा में लगातार बारिश के चलते नोनेरा डैम के गेट भी खोले गए हैं। ओडिशा में भी कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।





