मोबाइल विवाद में युवक की हत्या, दो भाइयों को 10 साल कैद

रायपुर। रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। यह घटना 6 मई 2021 की है, जिसमें बीरगांव के नागेश्वर नगर में रहने वाले दो कथावाचक भाइयों ने मोहल्ले के युवक झम्मन यादव की हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने दोनों दोषियों को 10-10 साल की सजा सुनाई है।
रात करीब 11.30 बजे झम्मन यादव, हिरेन्द्र देवांगन और उनके साथी मोहल्ले के रंगमंच पर बैठे थे। तभी मोहल्ले का रविकांत तिवारी वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान हुए झगड़े में रविकांत हिरेन्द्र का मोबाइल लेकर घर चला गया। मोबाइल वापस लेने पहुंचे हिरेन्द्र और उसके साथी से वहां विवाद बढ़ गया। इसी बीच रविकांत का भाई दीपक भी बाहर आया और दोनों भाइयों ने चाकू व हंसिया निकालकर हमला कर दिया। हमले में झम्मन पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जबकि बीच-बचाव में आए हिरेन्द्र की पीठ में चाकू मारा गया।
दोनों घायलों को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां झम्मन को मृत घोषित किया गया और हिरेन्द्र भर्ती किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने चाकू, हंसिया और दोनों आरोपित भाइयों के कपड़े जब्त किए। एफएसएल रिपोर्ट में हथियारों पर खून की पुष्टि हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान पेश किया गया।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दोनों को पहली बार अपराध में शामिल बताते हुए सजा कम करने की मांग की। लेकिन अभियोजन पक्ष ने कड़ी सजा की मांग की। लोक अभियोजक कैलाश अगाशे के अनुसार, न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार सिंह ने माना कि विवाद अचानक हुआ, इसलिए इसे हत्या नहीं बल्कि आपराधिक वध माना गया। अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोनों भाइयों को 10 साल कैद की सजा सुनाई गई।





