युवक कांग्रेस ने पीएम का पुतला फूंका, पुलिस से झड़प; कोतवाली थाने में FIR दर्ज

सरगुजा। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को युवक कांग्रेस सरगुजा इकाई ने घड़ी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।

इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। मामले में कोतवाली थाना सरगुजा में एफआईआर दर्ज की गई है।

युवक कांग्रेस ने केंद्र सरकार की कथित नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया था। कार्यकर्ता पुतला दहन के लिए घड़ी चौक पहुंचे, जहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

पुलिस ने एक पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, जिससे कार्यकर्ता भड़क गए और विवाद बढ़ गया।

दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और बहस हुई। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कुछ देर पहले महिला मोर्चा द्वारा राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया था, तब पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।

विवाद बढ़ने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दूसरा पुतला फूंका और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

पुतला दहन कार्यक्रम में गुरप्रीत सिद्धू, आलोक सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, उत्तम रजवाड़े, सतीश बारी, विष्णु सिंहदेव, आशीष जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

घटना के बाद एक पुलिस जवान की शिकायत पर कोतवाली थाने में युवक कांग्रेस पदाधिकारी विष्णु सिंहदेव और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 132 और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version