नशे में कार चलाते पकड़ा गया युवक, पुलिस को दी धमकी; VIDEO वायरल

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे में कार चलाने का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक रसूखदार युवक ने पुलिस को ही धमकी दे डाली। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है, जहां 28 मार्च की रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने राजू मित्रा नामक युवक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, उस रात मॉल के सामने विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। रायपुर कमिश्नरेट के निर्देश पर निरीक्षक स्तर के अधिकारी शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान राजू मित्रा की कार को रोका गया। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन की चाबी मांगी।

इस पर युवक भड़क गया और खुद को एक राजनीतिक संगठन का प्रदेश पदाधिकारी बताते हुए पुलिस से बहस करने लगा। वायरल वीडियो में वह कहते हुए नजर आ रहा है कि “थोड़ा बहुत शराब पिया हूं, छोटा-मोटा चालान लेकर छोड़ देते।” साथ ही उसने पुलिसकर्मियों को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।

बताया जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया पर खुद को हिंदू जागरण मंच, दुर्ग का जिलाध्यक्ष बताया है। उसके कई बड़े नेताओं के साथ फोटो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की कार जब्त कर ली है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस दौरान किसी भी दबाव में न आते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई।

गौरतलब है कि इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक ही रात में 137 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की है। वहीं जनवरी 2026 से अब तक 1400 से अधिक मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version