राजनांदगांव-धमतरी समेत 7 जिलों में यलो अलर्ट, बिजली गिरने-आंधी चलने की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में रविवार को यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने और तेज आंधी चलने की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होगी। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।

इस दौरान धमतरी जिले के जोरातराई गांव में एक 65 वर्षीय पुजारी बाढ़ के कारण टापू पर फंस गए। पूजा करने के दौरान महानदी पार करते समय वह फंस गए थे। लगभग 8 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

वहीं, गरियाबंद जिले में ग्रामीणों ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला पिंकी नेताम को खाट पर बांधकर नदी पार कराते हुए देवभोग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। महिला की सुरक्षा के लिए खाट में बांधकर नदी पार की गई। बारिश के बाद अमाड़ नदी और आसपास के नाले उफान पर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक हुई बारिश मानसून की बारिश मानी जाती है, जबकि उसके बाद की वर्षा पोस्ट मानसून के अंतर्गत आती है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से लगभग 10 दिन देरी होगी।

अब तक प्रदेश में कुल औसत बारिश 1167.4 मिमी दर्ज की गई है। बेमेतरा में केवल 524.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 50% कम है। वहीं, बलरामपुर में 1520.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास रही।

Exit mobile version