StateNewsदेश - विदेश

‘सदन में नहीं बोलने देंगे’— MP विधानसभा में टकराव के आसार, कांग्रेस ने तीन मंत्रियों के खिलाफ खोला मोर्चा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र में जोरदार हंगामे और टकराव के आसार नजर आ रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने साफ ऐलान किया है कि वह उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह को न तो सदन में बोलने देगी और न ही उनकी कोई बात सुनेगी। कांग्रेस ने इन तीनों मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि छिंदवाड़ा, बैतूल, पांढुर्णा और इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल आपूर्ति के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा जहरीले कफ सीरप से बच्चों की मौत का मामला भी बेहद गंभीर है। इन घटनाओं के लिए सीधे तौर पर स्वास्थ्य और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जिम्मेदार हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस नेताओं ने जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह पर सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अशालीन टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद उनके खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इसे न्याय के साथ खिलवाड़ बताते हुए कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

पटवारी ने कहा कि सरकार एक ओर राज्यपाल के अभिभाषण में स्वच्छ जल की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर इंदौर में दूषित पानी से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

इसके साथ ही अमेरिका के साथ कृषि क्षेत्र में हुई ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस ने 24 फरवरी को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि इस समझौते से किसानों को सीधा नुकसान होगा और केंद्र सरकार तथ्यों को छुपा रही है। किसान हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।

Related Articles

Back to top button