
रायपुर। राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी और इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा हो गया और पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना ग्राम खसेरा की है। पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय किशोर सारथी का शव 28 फरवरी की सुबह ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध हालत में मिला था। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि किशोर की पत्नी रोशनी का पिछले एक साल से गांव के ही युवक लिलेश उर्फ मुरू के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन पति के बीच में आने से परेशान थे। पुलिस पूछताछ में रोशनी ने स्वीकार किया कि पति से छुटकारा पाने के लिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
27 फरवरी की रात रोशनी ने बहन को लाने के बहाने किशोर को अकेले बाइक से ग्राम बिठिया भेजा। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लिलेश और उसके दो साथी अजय राज कुलदीप व देवेंद्र कुमार ने किराए की कार से उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि किशोर सड़क से दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मौके से मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पत्नी, उसके बॉयफ्रेंड और दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



