अफेयर के शक में पत्नी ने काटा पति का प्राइवेट पार्ट: देर रात हंसिए से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पत्नी ने दूसरी महिला से अफेयर के शक में अपने पति का प्राइवेट पार्ट हंसिए से काट दिया।

गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी द्रौपती बाई को लंबे समय से शक था कि राजेश का किसी दूसरी महिला से संबंध है।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। शुक्रवार रात भी पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि राजेश शराब के नशे में घर लौटा था।

खाना खाने के बाद दोनों सो गए, लेकिन देर रात करीब 1 बजे फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाया और पति पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने राजेश का प्राइवेट पार्ट काट दिया।

हमले के बाद खून से लथपथ हालत में राजेश चीखते हुए कमरे से बाहर निकला। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। नाबालिग बेटे ने अपनी बुआ को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजन घायल को लेकर सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया है।

चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि शुरुआती जांच में अफेयर के शक और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। घायल का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version