सोनमर्ग में सफेद तूफान: भारी हिमस्खलन से कई होटल दबे, प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध टूरिस्ट स्थल सोनमर्ग में मंगलवार रात एक भीषण हिमस्खलन हुआ। इसे लेकर आए भयावह वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ ही सेकेंड में बर्फ का सैलाब तेजी से नीचे गिरा और कई ढांचे अपनी चपेट में आ गए। अधिकारियों ने राहत की बात यह बताई कि प्रशासन द्वारा पहले ही कई संवेदनशील इमारतों को खाली करवा लिया गया था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
हिमस्खलन गंदरबल जिले के सोनमर्ग रिजॉर्ट में रात 10:12 बजे हुआ। भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर जमा बर्फ अस्थिर हो गई थी, जो अचानक खिसककर नीचे आ गई। सोनमर्ग लगभग 2,700 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और सर्दियों में हिमस्खलन के लिए संवेदनशील माना जाता है। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बर्फ का तेज़ सैलाब ढांचों को पूरी तरह ढक गया।
जम्मू-कश्मीर में लगातार हुई भारी बर्फबारी से कुछ क्षेत्रों में छह फीट तक बर्फ जमा हो चुकी है। इससे पहाड़ी ढलानों पर दबाव बढ़ा और हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया। आपदा प्रबंधन एजेंसी ने सोनमर्ग और आसपास के पर्वतीय इलाकों के लिए मध्यम स्तर का हिमस्खलन अलर्ट जारी किया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
भारी बर्फबारी ने हवाई और सड़क यातायात पर भी असर डाला है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी 58 उड़ानें रद्द कर दी गईं। कम दृश्यता और रनवे पर जमा बर्फ के कारण उड़ान संचालन असुरक्षित था। इसके अलावा, कश्मीर के ग्यारह जिलों और जम्मू क्षेत्र के पांच जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भी बर्फ जमा होने के कारण बंद कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बचाव दलों को घटनास्थल पर भेज दिया है और लगातार निगरानी बनाए रखी जा रही है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





