फ्लाइट रद होने पर फंसा दूल्हा, दूल्हन को रोता देख उठाया कदम; खुशी से झूम उठा परिवार

दिल्ली। इंडिगो की देशभर में अचानक रद हुई कई फ्लाइट्स के कारण हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसी की परीक्षा छूट गई तो कोई जरूरी बैठक में नहीं पहुंच सका। इसी बीच एक शादी से जुड़ा मामला सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया। फ्लाइट कैंसिल होने के कारण एक दूल्हा अपनी ही शादी में समय पर पहुंचने से चूक सकता था, लेकिन उसने हालात से हार मानने के बजाय ऐसा कदम उठाया कि शादी भी बच गई और परिवार की खुशी भी लौट आई।
दरअसल, दूल्हे को इंडिगो की फ्लाइट से शादी के स्थान पर पहुंचना था, लेकिन आखिरी समय में फ्लाइट रद हो गई। शादी का मुहूर्त नजदीक था और कोई दूसरा नियमित विकल्प नजर नहीं आ रहा था। इस खबर से दुल्हन बेहद भावुक हो गई और उसे डर सताने लगा कि तय समय पर शादी नहीं हो पाएगी। घर में भी तनाव का माहौल बन गया।
हालात की गंभीरता को समझते हुए दूल्हे ने बिना देर किए एक बड़ा फैसला लिया। उसने तुरंत एक चार्टर्ड फ्लाइट बुक की, ताकि किसी भी तरह शादी के स्थान पर समय से पहुंच सके। यह फैसला महंगा जरूर था, लेकिन रिश्ते और शादी के मुहूर्त के सामने उसने पैसों को महत्व नहीं दिया।
चार्टर्ड फ्लाइट से समय पर दूल्हे के पहुंचने की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में खुशी की लहर दौड़ गई। जो दुल्हन कुछ देर पहले रो रही थी, वही खुशी से झूम उठी और डांस करने लगी। परिवार के सदस्य भी राहत और खुशी में नजर आए।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स दूल्हे की समझदारी और साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोग इसे सच्चे प्यार और जिम्मेदारी का उदाहरण बता रहे हैं। इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन से शुरू हुई परेशानी आखिरकार एक यादगार और खुशहाल शादी की कहानी में बदल गई।





