ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम: आंधी-तूफान थमेगा, 3 दिन में 4° तक चढ़ेगा पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम अब करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी-तूफान और गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राजधानी रायपुर में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। हालांकि कल कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों की बात करें तो उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर रहा। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई। जशपुरनगर, मनोरा और कांसाबेल में करीब 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो फिलहाल सबसे गर्म जिला बना हुआ है। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 17.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पहले सक्रिय रहा साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन अब कमजोर पड़ रही है, जिससे बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति में कमी आएगी। इसके चलते अगले दो दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

कुल मिलाकर, प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर तेज होने जा रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button